महाकुंभ में महामहिम का पुण्य स्नान: एकता और समरसता का संदेश

सनातन संस्कृति के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन महाकुंभ में इस बार भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी श्रद्धा और आस्था के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। महामहिम ने संगम में मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती की आराधना करते हुए सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया।
त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को प्रयागराज पहुंचीं, जहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद वह अरैल घाट पहुंचीं और वहां से क्रूज के माध्यम से त्रिवेणी संगम की ओर रवाना हुईं। संगम पहुंचने से पहले महामहिम ने आस्था के प्रतीक स्वरूप फूल-माला, नारियल और अक्षत अर्पित किए और फिर भगवान सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया। इसके बाद महामहिम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच त्रिवेणी संगम में पावन डुबकी लगाई और मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती की स्तुति की।
पूजन-अर्चन और वैदिक परंपराओं का पालन
संगम स्नान के बाद महामहिम ने वैदिक विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना की। उन्होंने संगम तट पर पवित्र जल से दुग्धाभिषेक किया और नैवेद्य, पुष्प, फल और लाल चुनरी अर्पित की। इसके साथ ही महामहिम ने संगम स्थल पर भव्य आरती भी की। वहां मौजूद तीर्थ पुरोहितों ने महामहिम का अभिनंदन करते हुए कलावा बांधकर उनका स्वागत किया।
महाकुंभ की भव्यता का अनुभव
राष्ट्रपति ने संगम स्नान के बाद क्रूज से नौका विहार का भी आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से पक्षियों को दाना खिलाया और कुंभ मेले की भव्यता को नजदीक से देखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महामहिम को महाकुंभ के आयोजन और व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एकता और सामाजिक समरसता का संदेश
महामहिम द्रौपदी मुर्मू का महाकुंभ में आना न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह राष्ट्र की एकता और सांस्कृतिक विविधता का भी प्रतीक है। राष्ट्रपति का संगम स्नान आस्था, श्रद्धा और समर्पण का परिचायक है, जो पूरे देश को सामाजिक समरसता और आध्यात्मिकता का संदेश देता है।
महाकुंभ में महामहिम की इस पावन यात्रा ने श्रद्धालुओं के बीच एक अद्वितीय प्रेरणा और भक्ति का संचार किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस धार्मिक यात्रा ने महाकुंभ की गरिमा और महत्ता को और अधिक बढ़ा दिया है।
What's Your Reaction?






